सारंगी वादक साबिर सुल्तान खान ने अपना नया रोमांटिक गीत ‘शरारतें’ को अपने होमटाउन जोधपुर में किया लॉन्च
जोधपुर। जाने-माने भारतीय सारंगी वादक साबिर सुल्तान खान ने अपने यूट्यूब चैनल एसएसबी म्यूजिक रिकॉर्ड्स पर ऑडियो रोमांटिक गीत ‘शरारतें’ को वैलेंटाइन डे पर लॉन्च किया है। इस गाने को आवाज गायक तौफीक साबरी ने दी है और प्यारे भरे इस गीत को संगीत से सजाया है प्रसिद्ध संगीतकार साबिर सुल्तान खान ने, जिन्होंने इसके बोल भी स्वयं लिखे हैं। खुशी की बात यह है कि साबिर सुल्तान खान ने यह गीत अपने होमटाउन जोधपुर में लॉन्च किया है। गीत ‘शरारतें’ में मधुर धुनों के साथ रोमांटिक भावनाओं को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है।
साबिर खान एक जाने-माने भारतीय सारंगी वादक हैं और वे पद्म भूषण से सम्मानित महान सारंगी वादक व गायक उस्ताद सुल्तान खान के पुत्र हैं। वे संगीत के प्रसिद्ध सीकर घराना से ताल्लुक रखते हैं, जिसने भारतीय शास्त्रीय संगीत को कई दिग्गज कलाकार दिए हैं। साबिर खान का जन्म जोधपुर, राजस्थान में हुआ था। उन्होंने अपने पिता व गुरू उस्ताद सुल्तान खान से प्रशिक्षण लिया। वे सारंगी सीखने वाली नौवीं पीढ़ी हैं। साबिर सुल्तान खान के दादा उस्ताद गुलाब खान प्रसिद्ध सारंगी वादक रह चुके है एवं उनके परदादा उस्ताद अज़ीम खान साहब सीकर राजस्थान में एक दरबारी संगीतकार थे।
साबिर खान आज सारंगी बजाने में अपनी महारत के लिए जाने जाते हैं। उनके बजाने का तरीका सुर और लय (नोट और रिदम) का एक अनोखा मेल है। साबिर खान कॉन्सर्ट में और सोलो में भी परफॉर्म करते हैं। उन्होंने उस्ताद ज़ाकिर हुसैन, पंडित कुमार बोस और पंडित अनिंदो चटर्जी जैसे कलाकारों के साथ परफॉर्म किया है। उन्होंने ग़ज़ल उस्ताद उस्ताद गुलाम अली, तलत अज़ीज़, आशा भोसले और द हज़ार्ड्स के साथ भी परफॉर्म किया है।
उन्होंने स्व. लता मंगेशकर व ए.आर. रहमान के एल्बम में भी परफॉर्म किया है। उन्होंने चमेली, रोग, डोर, अनवर, सांवरिया, छोड़ो ना यार, जोधा अकबर, बदलापुर जैसी फीचर फिल्मों के गीतों में सारंगी बजाई है।
हाल ही में साबिर सुल्तान खान को बिस्मिल्ला खान अवार्ड व संगीत नाटक अकादमी अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था। साबिर सुल्तान खान अपने यूट्यूब चैनल एसएसबी म्यूजिक रिकॉर्ड्स पर पहले भी मधुर शर्मा, शाहिद माल्या और पवनदीप की आवाज में गीत लॉन्च कर चुके है।






