शेयर बाजार निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी:
शेयर बाजार निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी: फरार आरोपी सूर्य प्रकाश व्यास पर ₹5,000 का इनाम घोषित
जोधपुर। शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर एक हजार से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी सूर्य प्रकाश व्यास की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पुलिस कमिश्नरेट पश्चिम ने आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उस पर ₹5,000 का नकद इनाम घोषित किया है।
डिप्टी पुलिस कमिश्नर (डीसीपी) विनीत कुमार बंसल ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आईपीएस एडीसीपी रोशन मीणा की अनुशंसा पर यह इनाम घोषित किया गया है। आरोपी सूर्य प्रकाश व्यास जोधपुर के कुड़ी क्षेत्र स्थित जनता कॉलोनी का निवासी है। उसके खिलाफ अब तक 14 से अधिक प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों और न्यायालय में पेश नहीं होने के कारण उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोली जा चुकी है।
थाना कुड़ी भगतासनी में दर्ज तीन प्रकरणों में आरोपी वर्तमान में वांछित है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (आपराधिक न्यास भंग) और 120बी (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मामले दर्ज हैं। विभिन्न अदालतों से उसके खिलाफ वारंट और समन जारी हो चुके हैं, इसके बावजूद वह अब तक गिरफ्तारी से बचता रहा है।
डीसीपी विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। साथ ही तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं। एसीपी छवि शर्मा भी पूरे मामले की लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं।
कुड़ी थाना प्रभारी तेजकरण ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और उम्मीद है कि उसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस प्रकरण में पीड़ित जयसिंह चारण ने बताया कि वे एक सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी शेयर बाजार में निवेश के नाम पर आरोपी को सौंप दी, लेकिन धोखाधड़ी का शिकार हो गए। उनके अनुसार करीब एक हजार लोग आरोपी के झांसे में आकर करोड़ों रुपये गंवा चुके हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से न्याय की उम्मीद जताई है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपी सूर्य प्रकाश व्यास के संबंध में यदि किसी को कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹5,000 का नकद इनाम दिया जाएगा तथा उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।






