जोधपुर। आशापूर्णा सिटी स्थित आशापूर्णा माता मंदिर (प्रथम फेज) में 26 से 30 जून 2026 तक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन एवं प्रवचन पूज्य संत योगी प्रेम स्वामी जी महाराज (श्री स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर, जोधपुर) के श्रीमुख से होगा।
आयोजन समिति के अनुसार कथा का शुभारंभ 26 जून को होगा। प्रथम दिन सायं 6 बजे द्वितीय फेज स्थित शिव मंदिर से कथा स्थल तक महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात सायं 7:30 बजे से रात्रि 10 बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा।
कथा की तैयारियों को लेकर रविवार सुबह आशापूर्णा माता मंदिर परिसर में कॉलोनीवासियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आशापूर्णा कॉलोनी अध्यक्ष बुद्धाराम पटेल एवं राणाराम जी ने की। बैठक में श्री स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर के कोठारी स्वामी जी, योगी प्रेम स्वामी जी महाराज तथा संदीप पंडित जी ने अपने विचार व्यक्त किए।
योगी प्रेम स्वामी जी ने बताया कि कथा में श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक प्रसंगों के साथ-साथ पारिवारिक एकता, बाल संस्कार, नशा मुक्ति, भगवान के प्रति श्रद्धा, जीवन में दुखों के कारण, आदर्श माता-पिता की भूमिका तथा सुखी जीवन के उपाय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रवचन दिए जाएंगे।
आयोजन की तैयारियों के तहत कॉलोनी में बैनर लगाए जा चुके हैं। अक्षरधाम मंदिर के हरिभक्तों एवं महिला कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा स्वामी जी के सान्निध्य में हरिभक्त प्रतिदिन सुबह एवं शाम कॉलोनी में जनसंपर्क करेंगे तथा प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे कॉलोनी के सर्किल से प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण का लाभ लेने की अपील की है।
