Sanchar Sarthi – Latest Local News, Politics, Sports & EditorialsSanchar Sarthi – Latest Local News, Politics, Sports & Editorials

Sanchar Sarthi

Home » जोधपुर » तीसरे दिन भी नहीं उठाया गया शव गतिरोध रहा बरकरार

तीसरे दिन भी नहीं उठाया गया शव गतिरोध रहा बरकरार

जोधपुर I जिले के पीपाड़ थाना क्षेत्र में हुई एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में आज दोपहर तक तीसरे दिन भी गतिरोध बरकरार रहा। परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज भी मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना दिया। परिजनों का आरोप है कि महिला को ससुराल वालों ने जहर देकर मार डाला। इस संबंध में पुलिस में दहेज हत्या का मामला भी दर्ज करवाया गया है। मामले में हत्या की धारा जोडऩे व आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। पुलिस अधिकारी उनसे समझाइश कर रहे है। पुलिस के अनुसार सांखलों का बेरा निवासी कंचन पत्नी मनोहरलाल माली की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उसे ससुराल वाले एमडीएम अस्पताल लाए थे लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव मोर्चरी में रखवा दिया गया। मूलत: डांगियावास थानान्तर्गत पालासनी हाल माता का थान क्षेत्र में हस्ती नगर निवासी मृतका के पिता अणदाराम ने पुत्री के पति मनोहरलाल, सास कमला व जेठ पेमाराम के खिलाफ लिखित शिकायत दी। जिस पर दहेज के लिए तंग और प्रताडि़त करने व दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया।

शव का बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है, लेकिन शव मोर्चरी में रखा है। मृतका के पिता का आरोप है कि पुत्री कंचन की शादी 2 दिसम्बर 2016 को मनोहर से की गई थी। उसे दो पुत्रियां हैं। शादी के बाद से पति, सास व जेठ दहेज को लेकर कंचन को तंग-प्रताडि़त करते थे। पति दहेज में कार या पांच लाख रुपए की मांग कर रहा था। पुत्री से लगातार मारपीट के चलते पिता ने एक लाख रुपए दिए थे। कुछ दिन तक शांति रही, लेकिन फिर से कंचन से मारपीट शुरू कर दी गई थी। गत दस फरवरी को कंचन ने अपने भाई मानाराम को फोन कर आपबीती बताई थी। उसका कहना था कि जेठ व अन्य ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। उसे जहर देकर मारने की बातें कर रहे हैं। वह ससुराल वालों की प्रताडऩा से परेशान हो चुकी है। उसने दोनों बेटियों को भी नुकसान पहुंचाने का अंदेशा जताया था। परिजन का आरोप है कि मृतका की मासूम बेटी कुमकुम को भी ससुराल वाले क्षेत्र के अस्पताल ले गए थे। इससे अंदेशा है कि मासूम को भी जहर दिया गया होगा। परिजन दहेज हत्या की बजाय हत्या की धारा जोडऩे और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर परिजन तीन दिन से मोर्चरी के बाहर धरना देकर बैठे हैं। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, लेकिन परिजन मांगों पर अड़े हुए हैं। इसके चलते आज के दिन भी शव नहीं उठाया गया।

admin
Author: admin

What is the capital city of France?