18-19 जुलाई को सातवीं जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता एवं राज्य चयन ट्रायल, जिला कलक्टर आलोक रंजन ने किया पोस्टर विमोचन
जोधपुर। योगासन जोधपुर के तत्वावधान में सातवीं जोधपुर जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता एवं सातवीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के जिला चयन ट्रायल का आयोजन 18 एवं 19 जुलाई को इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स, जोधपुर में होगा। प्रतियोगिता में जिलेभर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे तथा उनके प्रदर्शन के आधार पर सातवीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के लिए जोधपुर जिला टीम का चयन किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर योगासन जोधपुर के पदाधिकारियों ने जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन से शिष्टाचार भेंट कर प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन कराया।इस अवसर पर पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की।जिला कलक्टर ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे जिले में योग एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया तथा आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
योगासन जोधपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष वरुण धनाडिया ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है।संगठन को विश्वास है कि इस बार पिछले सभी वर्षों की तुलना में सर्वाधिक प्रतिभागी प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
सचिव गजराज शेखावत ने बताया कि प्रतियोगिता एवं चयन ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को निःशुल्क टी-शर्ट, सहभागिता पदक एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।वहीं विजेता खिलाड़ियों को मेरिट सर्टिफिकेट, टी-शर्ट एवं पदकों से सम्मानित किया जाएगा।
योगासन जोधपुर के सचिव गजराज सिंह शेखावत ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के पंजीकरण निरंतर जारी है और अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सातवीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में जोधपुर जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
योग संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय पर जीते हुए खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे।इन खिलाड़ियों की उपस्थिति से नए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और उनसे सीखने का दुर्लभ अवसर मिलेगा।इस अवसर पर इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स – चेयरमैन रेशम राम हुडा एवं सेक्रेटरी अमित लोहिया,
एम बी एम 1972 वेलफेयर ट्रस्ट- सेक्रेटरी मन मोहन अग्रवाल, चेयरमैन – रवि अग्रवाल दुष्यंत व्यास किशोर सिंह सोलंकी व अन्य।
योगासन जोधपुर ने जिले के सभी योगासन खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता को सफल बनाने का आह्वान किया है।
