स्टेशन से उतरते ही मिनटों में होगी कैब बुक, यात्रियों को मिलेगा निर्बाध सफर का अनुभव, यात्री सुविधा में वृध्दि के तहत रेलवे नवाचार
जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल का भगत की कोठी रेलवे स्टेशन अब आधुनिक यात्री सुविधाओं की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाने जा रहा है। स्टेशन परिसर में कैब बुकिंग कियोस्क स्थापित किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि इस नवाचार के तहत यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलते ही कुछ ही मिनटों में कैब बुक करने की सुविधा मिलेगी। यह पहल यात्रियों को तेज,सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी पूरी यात्रा को अधिक सहज बनाएगी।
उन्होंने बताया कि कैब बुकिंग कियोस्क के माध्यम से यात्री डिजिटल माध्यम से आसानी से कैब बुक कर सकेंगे। इससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों,होटल,बस स्टैंड,एयरपोर्ट,औद्योगिक क्षेत्रों और अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंचना पहले से कहीं अधिक आसान होगा। कैब की उपलब्धता,किराये में पारदर्शिता और त्वरित सेवा से यात्रियों का समय बचेगा तथा उन्हें बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पश्चिमी राजस्थान के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं तथा अनेक ट्रेनों का यहां ठहराव होता है ऐसे में यह सुविधा विशेष रूप से बाहर से आने वाले पर्यटकों,व्यापारिक यात्रियों,वरिष्ठ नागरिकों,महिलाओं और परिवारों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। स्टेशन पर उतरते ही विश्वसनीय परिवहन उपलब्ध होने से यात्रियों की ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ मजबूत होगी और गंतव्य तक पहुंचने का सफर अधिक सुगम बन जाएगा।
यात्री केंद्रित सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नवाचार
रेलवे की यह पहल स्टेशन परिसर में आधुनिक,डिजिटल और यात्री-केंद्रित सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल यात्रियों की सुविधा में वृद्धि होगी,बल्कि रेलवे स्टेशन को एक समग्र मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी नई गति मिलेगी। यह सुविधा रेलवे की ग्राहक-केंद्रित सोच और यात्रियों को विश्वस्तरीय सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करती है।
