Sanchar Sarthi

दिव्यांगजनों की सेवा के लिए राहुल चौहान ने किया रक्तदान

विकलांग शिक्षण सेवा संस्थान में दिव्यांगजनों की सेवा का दिया संदेश, सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका के लिए किया सम्मानित

जोधपुर। विकलांग शिक्षण सेवा संस्थान, मिल्कमैन कॉलोनी, गली नंबर-8 में मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। समाजसेवी राहुल चौहान ने दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। इस अवसर पर संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में रक्तदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया गया। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि राहुल चौहान लंबे समय से निस्वार्थ भाव से असहाय, विकलांग एवं दिव्यांगजनों की सेवा में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। वे समय-समय पर जरूरतमंद लोगों की सहायता, सामाजिक सेवा, जनकल्याणकारी गतिविधियों तथा रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। उनका उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिससे कई लोगों को नया जीवन मिल सकता है। समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर मानवता के इस अभियान में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। राहुल चौहान का यह कार्य समाज के युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है और दूसरों को सेवा कार्यों से जुड़ने की प्रेरणा देता है। संस्थान परिवार ने राहुल चौहान की सेवा भावना, सामाजिक समर्पण और जनकल्याण के प्रति उनके निरंतर योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा गया कि वे इसी प्रकार समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहकर जरूरतमंदों की सहायता करते रहें। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने रक्तदान और सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।