Sanchar Sarthi

निफ ग्लोबल जोधपुर में फिल्म अभिनेत्री शिविका तनेजा ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित।

जोधपुर। निफ ग्लोबल जोधपुर में तेलुगु बायोपिक फिल्म “भुवम्मा” की मुख्य अभिनेत्री शिविका तनेजा का प्रेरणादायक संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर फैशन डिज़ाइन एवं इंटीरियर डिज़ाइन के विद्यार्थियों को उनसे सीधे रूबरू होने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान शिविका तनेजा ने अपने फिल्मी सफर, संघर्ष और सफलता की कहानी विद्यार्थियों के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि उनका सपना बचपन से ही अभिनेत्री बनने का था, जबकि उनका परिवार उन्हें डॉक्टर बनाना चाहता था। लेकिन उन्होंने अपने जुनून (Passion) पर विश्वास रखा, लगातार मेहनत की और आज अपने सपने को साकार होते हुए देख रही हैं।
*उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “किसी भी क्षेत्र में सफलता रातों-रात नहीं मिलती। हर इंसान को अपने जीवन में कई बार असफलता और रिजेक्शन का सामना करना पड़ता है। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है। संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने अभिनय, करियर, आत्मविश्वास, संघर्ष और सफलता से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका शिविका तनेजा ने खुले दिल से उत्तर दिया। विद्यार्थियों ने उनके अनुभवों से प्रेरणा प्राप्त की और अपने सपनों को पूरा करने के लिए सकारात्मक सोच एवं निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
निफ ग्लोबल जोधपुर के इस प्रेरणादायक इंटरैक्टिव सेशन ने विद्यार्थियों को न केवल फिल्म इंडस्ट्री के वास्तविक अनुभवों से परिचित कराया, बल्कि उन्हें अपने करियर के प्रति समर्पित रहने और हर चुनौती का आत्मविश्वास के साथ सामना करने की प्रेरणा भी दी। कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों द्वारा शिविका तनेजा का आभार व्यक्त करते हुए किया गया।