Sanchar Sarthi

नशा मुक्ति संकल्प यात्रा का हुआ सफल आयोजन, घनश्याम जी मंदिर में हुआ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन

जोधपुर। परम पूज्य ज्योतिर्गुरु श्री विकास जी महाराज (कामाख्या शक्तिपीठ, अघोरी बाबा) के पावन सान्निध्य में शुक्रवार सायं 7:00 बजे जोधपुर शहर में ‘नशा मुक्ति संकल्प यात्रा’ का सफल आयोजन किया गया। यात्रा का उद्देश्य समाज में नशा मुक्ति के प्रति जनजागरण करना तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं संस्कारित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

यात्रा का शुभारंभ जालोरी गेट चौराहा से हुआ। इसके बाद यात्रा खांडा फालसा, कुम्हारिया कुआं, आड़ा बाज़ार एवं डागा बाज़ार होते हुए घनश्याम जी मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर एवं माल्यार्पण कर संत का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

यात्रा के समापन पर घनश्याम जी मंदिर में श्री विकास जी महाराज के सान्निध्य में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया गया तथा युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र एवं समाज निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।