जोधपुर, 10 जुलाई 2026। सेवा न्याय उत्थान फाउंडेशन की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हुडको, जोधपुर में विशेष आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कक्षा 5वीं से 12वीं तक के लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा आसपास के क्षेत्र के करीब 25 स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया।
करीब चार घंटे तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों को विभिन्न आपात एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय सिखाए गए। प्रशिक्षण के दौरान आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया गया तथा सतर्कता, आत्मविश्वास और संकट की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण का संचालन फाउंडेशन के जोधपुर स्थित निःशुल्क मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षण केंद्र के मुख्य प्रशिक्षक भारत पन्नू ने किया। भारत पन्नू पूर्व सैनिक हैं तथा फोर्थ डैन ब्लैक बेल्ट मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षक हैं। उन्हें इस क्षेत्र में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव है।
फाउंडेशन के संस्थापक संजीव नेवर ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज, विशेषकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से वंचित वर्गों में आत्मरक्षा की संस्कृति विकसित करना है। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक कौशल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, मानसिक दृढ़ता और विपरीत परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करने की क्षमता भी विकसित करती है। उन्होंने बताया कि सेवा न्याय उत्थान फाउंडेशन शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं कौशल विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
