जोधपुर। राज्य सरकार ने जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जोधपुर डिस्कॉम) के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवरलाल, आईएएस को अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वहीं, जोधपुर डिस्कॉम के निदेशक (तकनीकी) इंजी. वी.के. छंगाणी को भी तीन माह के लिए पुनः निदेशक (तकनीकी) पद पर नियुक्त किया गया है।
डॉ. भंवरलाल ने 9 अक्टूबर 2024 को जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक का पदभार ग्रहण किया था। इससे पूर्व वे राजसमंद व सिरोही सहित कई जिलाे में कलक्टर व महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। उनके नेतृत्व में जोधपुर डिस्कॉम ने उपभोक्ता सेवाओं में सुधार, राजस्व प्रबंधन, विद्युत वितरण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण तथा विभिन्न राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विशेष रूप से प्रधानमंत्री कुसुम योजना के क्रियान्वयन में निगम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए किसानों तक सौर ऊर्जा आधारित सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
इधर, इंजी. वी.के. छंगाणी को राज्य सरकार ने तीन माह के लिए पुनः निदेशक (तकनीकी) नियुक्त किया है। इससे पूर्व भी वे इसी पद का कार्यभार संभाल रहे थे। उनका कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो गया था, जिसके बाद सरकार ने उनके अनुभव और तकनीकी नेतृत्व को देखते हुए आगामी तीन माह के लिए उन्हें पुनः इस पद पर नियुक्ति प्रदान की है।
इंजी. छंगाणी के कार्यकाल में जोधपुर डिस्कॉम ने विद्युत तंत्र के आधुनिकीकरण, वितरण नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण, ट्रांसफार्मर एवं लाइन रखरखाव, विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार तथा विभिन्न तकनीकी परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
