जोधपुर। शहर के सम्राट अशोक उद्यान में मोहनी योग संस्थान द्वारा आयोजित निःशुल्क 24 दिवसीय योग शिविर के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को विशेष एवं भव्य ‘मंडला विन्यासा’ योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
सामूहिक योग सत्र में योग विशेषज्ञ मुक्ता माथुर के कुशल मार्गदर्शन में संगीत की मधुर धुनों के साथ साधकों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। मंडलाकार स्वरूप में आयोजित इस योग सत्र ने प्रतिभागियों को सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक एकाग्रता तथा आपसी सौहार्द का अनूठा अनुभव कराया।
आयोजकों के अनुसार गोलाकार संरचना में सामूहिक योगाभ्यास से प्रतिभागियों में मित्रता, सहयोग और सामूहिक चेतना का भाव विकसित हुआ, जो स्वस्थ एवं समरस समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
योग शिक्षक हेमंत कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अनुपम देन है, जिसे आज पूरा विश्व खुले हृदय से स्वीकार कर रहा है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी सशक्त साधन है।
योग शिक्षिका रजनी सोलंकी ने बताया कि शिविर में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाने के लिए बेहद उत्साहित हैं और इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के महेंद्र उपाध्याय ने सभी योग साधकों से आह्वान किया कि वे अपने परिजनों, मित्रों एवं परिचितों के साथ सम्राट अशोक उद्यान में आयोजित होने वाले भव्य योग दिवस कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लें तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
योग शिविर में उपस्थित साधकों ने नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।
aur padhein ke liye yahan click karein.
Isko bhi padhe: जोधपुर ki aur khabrein
