ओसियां/ जोधपुर। पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारियों के ‘स्वाभिमान बचाओ आंदोलन’ के तहत सोमवार को पंचायत समिति ओसियां में कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री एवं शासन सचिव के नाम दिए गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर ‘वीबीजी रामजी योजना’ के पूर्ण बहिष्कार की घोषणा की।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पंचायतीराज विभाग में कार्यरत मंत्रालयिक कर्मचारियों की मांगों की लगातार उपेक्षा की जा रही है तथा कथित जांच के नाम पर कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि योजना का अधिकांश कार्य मंत्रालयिक संवर्ग द्वारा ही किया जाता है, इसलिए उन्होंने सामूहिक रूप से योजना के कार्य-बहिष्कार का निर्णय लिया है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें : ज्ञापन में कर्मचारियों ने मांग की कि वीबीजी रामजी योजना में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत मंत्रालयिक कर्मचारियों को योजना के प्रशासनिक मद से प्रतिनियुक्ति भत्ता प्रदान किया जाए। साथ ही, ग्राम पंचायत स्तर पर योजना के संचालन में कनिष्ठ लिपिक को ‘कनिष्ठ पदेन कार्यक्रम अधिकारी एवं सचिव’ घोषित किया जाए तथा इस कार्य में ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) का हस्तक्षेप समाप्त किया जाए।
इसके अतिरिक्त कर्मचारियों ने मंत्रालयिक संवर्ग पर पंचायतीराज विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण को समाप्त कर इसे सीधे ग्रामीण विकास विभाग के अधीन करने की मांग भी उठाई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दीपचंद्र, ओमाराम, जगदीश सिंह राजपुरोहित, देवेंद्र, रतन सिंह, दिनेश, हीना, गोपाराम, शर्मिला सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समाचार लिखे जाने तक ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
