जोधपुर। मोयला समाज यूथ सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया मोयला समाज ऑक्शन क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन समारोह उत्साह एवं खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। 25 जून 2026 से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में देशभर से 16 टीमों ने भाग लिया।
टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में करण सिंह उचियारड़ा, भाजपा नेता अशोक पटेल, हाजी शौकत खान, हाजी निसार खान, हाजी हनीफ खान, रसूल खान तथा इकबाल खान सहित अनेक अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सलीम मोयला (जालौर) रहे। विशिष्ट अतिथियों में एडवोकेट रज्जब खान खोखर, कांग्रेस नेता अमीन मोयला (जालौर), सफी भाई, सलीम भाई (सोडा की ढाणी), फारूक झंवर (पूर्व अध्यक्ष, एमएसवाईएसएस), सकूर खान (अध्यक्ष, मोयला समाज संगासनी), सैफ अली, सद्दाम हुसैन एवं सुल्तान खान तनावड़ा सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों एवं आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं समाज में भाईचारा, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने मोयला समाज द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की प्रशंसा की।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सारा क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि एसएमजे पाँयला की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम को ₹41,000 की नकद राशि एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹21,000 की नकद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उसमान गनी को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार देते हुए ₹2,100 की नकद राशि एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति ने विजेता एवं उपविजेता टीमों, सभी खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन, सहयोगियों तथा खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए मोयला समाज यूथ सेवा संस्थान को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
