Sanchar Sarthi

Home » देश-विदेश » Bharat Bandh: UP में मिला जुला असर, फूंका गया पीएम मोदी का पुतला

Bharat Bandh: UP में मिला जुला असर, फूंका गया पीएम मोदी का पुतला

लखनऊ (जेएनएन)। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के साथ महंगाई को लेकर आज कांग्रेस के साथ विपक्ष के उत्तर प्रदेश बंद का मिला जुला असर है। बंद सुबह दस बजे से शुरू होकर दिन में तीन बजे का है।

लखनऊ में बंद का असर नहीं है। यहां पर सभी बड़े बाजार और पेट्रोल पंप खुले हुए हैं। यहां को मॉल एवेन्यू में कांग्रेस मुख्यालय के पास ही सभी दुकानें खुली हैं। बंद का सबसे बड़ा असर सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में दिख रहा है। यहां पर बंद का व्यापक असर है।

यूपी के बिजनेस कैपिटल कानपुर में भी बंद का असर मिलाजुला ही रहा। शहर के मुख्य मार्केट में चहलपहल देखने को मिली। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ताजनगरी आगरा में भी भारत बंद का असर नहीं दिखा। ज्यादातर बाजार खुले हैं, रोजमर्रा की तरह ही बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है।कानपुर में कांग्रेस से पूर्व राज्यसभा सदस्य तथा केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने पेट्रोल में वृद्धि के विरोध में बाइक की सवारी की। उनके साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश शुक्ला भी पैदल मार्च में शामिल थे।

लखनऊ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के साथ नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी सुबह बाजारों में बंद कराने निकले। इन लोगों ने जीपीओ से लेकर हजरतगंज तथा जनपथ में लोगों से दुकाने बंद करने का अनुरोध किया। शहर की सभी बड़े बाजार और पेट्रोल पंप खुले हुए हैं। कांग्रेस मुख्यालय के पास ही सभी दुकानें खुली रही। इस बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की बेटी तथा प्रतापगढ़ के रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा ने यहां पर हजरतगंज चौराहे पर एक पेट्रोल पंप को बंद कराया। कार्यकर्ताओं के साथ वहां धरने पर बैठी हैं। राज बब्बर यहां कार्यकर्ताओं के साथ तमाम बाजारों को बंद कराने पहुंचे। जनपथ, लालबाग मार्केट, अमीनाबाद मार्केट, चौक मार्केट, बालागंज मार्केट, बंद कराने को कांग्रेसी कार्यकर्ता लोगों से अपील कर रहे हैं।

इलाहाबाद में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ बुलाये गए भारत बंद को लेकर खुल्दाबाद चौराहे पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काफी प्रदर्शन किया। भारत बंद को लेकर जिला प्रशासन भी आलर्ट पर है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से शहर में शांति बनाए रखने की अपील की है। डीएम ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त किया जाएगा और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। किसी भी तरह की हिंसा एवं जन धन को हानि पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी।

वाराणसी और चंदौली में भी काग्रेस के भारत बंद का मिला जुला असर देखने को मिला। मुगलसराय में नेताओं ने जुलूस निकाल कर दुकान बंद करवाई। हाथों में राफेल विमान का मॉडल व सिलेंडर लेकर कार्यकर्ता सड़कों पर निकले। कन्नौज में भारत बंद को लेकर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। इस बीच पुतला फूंकने की कोशिश कर रहे नगर अध्यक्ष सहित चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोतवाली में बैठाया। गुरसहायगंज कोतवाली के तिर्वा रोड पर कांग्रेसी प्रदर्शन कर रहे थे।

कुशीनगर में भारत बंद को लेकर कांग्रेसियो ने पडरौना नगर में जुलूस निकाला। पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह ने रिक्शा चलाकर विरोध जताया। जालौन में भी जुलूस निकालकर पेट्रोल पंप और दुकाने बंद करवाई हैं। जिले भारी पुलिस बल तैनात है।

बैलगाड़ी पर सवार हो सड़क पर उतरे कांग्रेसी

गोरखपुर-बस्ती मंडल में पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के मूल्य में लगातार हो रही बढ़ोत्‍तरी के विरोध में कांग्रेस का भातर बंद का असर दिखने लगा है। गोरखपुर शहर में बंद का खास असर नहीं है, बाकी जिलों में कस्‍बाई क्षेत्रों में बंद का आंशिक असर दिख रहा है। बंदी को सफल बनाने के लिए तरह तरह के उपाय किए गए हैं। कुशीनगर में के कसया कस्बे में बैलगाड़ी पर सवार होकर जुलूस निकाला। कार्यकर्ता केंद्र सरकार के विरुद्ध नारा लगाकर उनकी नीतियों का विरोध कर रहे हैं। आंदोलन को लेकर प्रशासन भी सतर्क है।

अमेठी और  रायबरेली में व्यापक असर

सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिला। शहर की मुख्य सुपर मार्केट और सब्जी मंडी बंद है। सपाई और कांग्रेसी अहिंसक तरीके से दुकान बंद करने का अनुरोध करते दिखे। मौके पर एडिश्नल एसपी सहित भारी पुलिस बल तैनात है। कांग्रेस के गढ़ अमेठी में भी भारत बंद का असर देखने को मिला। व्यापारियों ने बंद का समर्थन करते हुए दुकाने बंद की। यहां पर जिसकी वजह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। अमेठी में भारत बंद को लेकर कांग्रेसियों का प्रदर्शन। कांग्रेसियों ने पीएम मोदी का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। गौरीगज कांग्रेस कार्यालय के सामने फूंका गया पीएम का पुतला। केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पश्चिम यूपी में बंद बेअसर

मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा में बंद का असर देखने को नहीं मिला। मेरठ में सभी बड़े बाजार, पेट्रोल पंप खुले हुए हैं। कांग्रेसी कार्यकर्ता नेताओं के आने का इन्तजार कर रहे हैं। कांग्रेस के भारत बंद का नोएडा में भी असर नहीं दिख रहा है। सेक्टर 18 समेत तमाम मार्केट में दुकाने खुली हैं। यहां पर प्रदर्शन के लिए नेता कार्यकर्ताओं का इंतजार कर रहे हैं।

रालोद भी सड़कों पर उतरा

मथुरा में पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों के विरोध में रालोद भी सड़कों पर उतर आया। भैंसागाड़ी पर सवार होकर रालोद ने नेशनल हाईवे पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों की वापस लिए जाने की मांग की गई।

Shamsul Azam
Author: Shamsul Azam

Leave a Comment

What is the capital city of France?