Sanchar Sarthi

भीड़भंजन बालाजी मंदिर में अघोरी बाबा का जन्मदिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया

जोधपुर : भीड़भंजन बालाजी मंदिर में अघोरी बाबा का जन्मदिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में भक्तगण मंदिर पहुंचे और बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान 100 किलो पंचामृत एवं पुष्पों से विशेष अभिषेक किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों ने माहौल को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम में समाज एवं राजनीति से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें राजेंद्र पालीवाल, मनीष पुरोहित, नंदू शाह, वनीता सेठ सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल रहीं।
इस आयोजन का विशेष आकर्षण कामाख्या धाम से पधारे कपालिक अघोरी साधक ज्योतिरगुरु विकास महाराज का त्रिदिवसीय आध्यात्मिक प्रवास रहा। गुरुजी वर्षों से तंत्र, मंत्र, भैरव साधना एवं शक्ति उपासना के क्षेत्र में साधनारत हैं और उन्होंने देशभर के सिद्धपीठों एवं शक्तिपीठों में साधना कर विशिष्ट आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त किए हैं।
अपने प्रवास के दौरान गुरुजी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक प्रवचन, भैरव उपासना का महत्व, तंत्र साधना की मूल अवधारणाएं तथा जीवन में आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने के उपायों पर मार्गदर्शन देंगे। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन परंपरा, शक्ति साधना और आध्यात्मिक जागरण का भी सशक्त माध्यम बनेगा। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि गुरुजी के सानिध्य से सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा।