Sanchar Sarthi

आयुर्वेद विश्वविद्यालय के आयुर्वेद महाविद्यालय, में डॉ. ब्रह्मानंद शर्मा बने कायचिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष

जोधपुर, 1 जून 2026, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर के अधीन संचालित पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद में संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय के उपाधीक्षक एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. ब्रह्मानंद शर्मा ने स्नातकोत्तर काय चिकित्सा विभाग (मेडिसिन डिपार्टमेंट )के विभागाध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

डॉ. शर्मा आयुर्वेद चिकित्सा, अध्यापन एवं शोध के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। उनके नेतृत्व में विभाग में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, उन्नत शोध गतिविधियों तथा रोगी-हितैषी चिकित्सीय सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की अपेक्षा व्यक्त की जा रही है।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल ने डॉ. शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “डॉ. ब्रह्मानंद शर्मा का शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय अनुभव विभाग को नई दिशा प्रदान करेगा। उनके नेतृत्व में कायचिकित्सा विभाग शिक्षा, अनुसंधान एवं रोगी सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करेगा तथा आयुर्वेद के वैज्ञानिक एवं वैश्विक विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देगा।”

कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात डॉ. ब्रह्मानंद शर्मा ने कहा, “कायचिकित्सा विभाग की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मेरा प्रयास रहेगा कि विभाग में उच्चस्तरीय शिक्षण, गुणवत्तापूर्ण शोध तथा उत्कृष्ट रोगी सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। आधुनिक अनुसंधान पद्धतियों एवं आयुर्वेद के मूल सिद्धांतों के समन्वय से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।”

इस अवसर पर पीजीआईए के प्राचार्य प्रो. चंदन सिंह, आयुर्वेद संकाय के अधिष्ठाता प्रो. महेंद्र कुमार शर्मा, छात्र कल्याण बोर्ड के चेयरमैन प्रोफेसर गोविन्द प्रसाद गुप्ता,परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजाराम अग्रवाल, संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. ए. नीलिमा, विभागाध्यक्ष क्रिया शारीर एवं प्रभारी अधिकारी मीडिया प्रोफेसर दिनेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य एवं स्नातकोत्तर शोधार्थी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. शर्मा का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. शर्मा के नेतृत्व में कायचिकित्सा विभाग नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा शिक्षा, अनुसंधान एवं चिकित्सीय सेवाओं के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

Leave a Comment