श्रद्धेय दाजी एक आध्यात्मिक गुरु होने के साथ-साथ अनेक पुस्तकों के लेखक भी हैं
जोधपुर। श्री रामचन्द्र मिशन के अध्यक्ष एवं हार्टफुलनेस संस्थान के वैश्विक मार्गदर्शक श्रद्धेय श्री कमलेश डी. पटेल (दाजी) अपनी राजस्थान यात्रा के क्रम में 28 मार्च 2026 को जोधपुर पधारेंगे। हार्टफुलनेस के क्षेत्रीय सूत्रधार विकास मोघे ने बताया कि इस यात्रा का आरम्भ 25 मार्च 2026 को कोटा से हुआ, जिसके अंतर्गत दाजी चित्तौड़गढ़, अजमेर, जोधपुर, नागौर, बीकानेर, रतनगढ़, सीकर, अलवर एवं भिवाड़ी का भ्रमण करेंगे। इस अवसर पर राजस्थान सरकार द्वारा श्रद्धेय दाजी को “राज्य अतिथि” (स्टेट गेस्ट) का सम्मान प्रदान किया गया है।
आध्यात्मिक गुरु दाजी एक आध्यात्मिक गुरु होने के साथ-साथ अनेक पुस्तकों के लेखक भी हैं। उनकी प्रमुख पुस्तकों में “द हार्टफुलनेस वे” एवं “द विज्डम ब्रिज” बेस्ट सेलर रही हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में प्रकाशित “होली तीर्थंकर” एवं “हार्ट ऑफ लॉर्ड राम” भी अध्यात्म प्रेमियों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय हो रही हैं। वर्तमान में हार्टफुलनेस विश्व के लगभग 160 देशों में हृदय ध्यान पद्धति का प्रचार-प्रसार कर रहा है तथा लगभग 16,000 प्रशिक्षकों द्वारा निःशुल्क ध्यान प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
भारत में केंद्र सरकार एवं विभिन्न राज्य सरकारों के विभागों जैसे बीएसएफ, सीआरपीएफ, आर्मी, पुलिस, विश्वविद्यालयों एवं विद्यालयों में भी ध्यान के विविध कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए “फॉरेस्ट बाय हार्टफुलनेस” पहल चलाई जा रही है, जिसे तेलंगाना सरकार द्वारा समय-समय पर “हरित मित्र पुरस्कार” से सम्मानित किया गया है। साथ ही कॉमनवेल्थ नेशन्स द्वारा श्रद्धेय दाजी को विश्व शांति के लिए एम्बेसडर नियुक्त किया गया है।
जोधपुर के मंडल प्रभारी दीपक कलवानी एवं केंद्र प्रभारी छोटूसिंह भाटी ने बताया कि इस दो दिवसीय प्रवास के दौरान श्रद्धेय दाजी 28 मार्च 2026, शनिवार को सत्संग हेतु जोधपुर पहुंचेंगे। इस पावन अवसर पर उनके सानिध्य में दो से तीन सत्संग आयोजित किए जाएंगे। सत्संग का समय सायं 6:00 बजे एवं प्रातः 7:30 बजे निर्धारित किया गया है। सभी कार्यक्रम “राघव विलास (जसवंतगढ़), गोपाल बारी, चौपासनी, जोधपुर” में आयोजित होंगे।
See More: साप्ताहिक समीक्षा बैठक अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ सिंह प्रगति लाने के दिये निर्देश







