जोधपुरवासियों एवं देशभर के श्रद्धालुओं के लिए चातुर्मास बनेगा आध्यात्मिक वरदान – राष्ट्रसंत चंद्रप्रभ महाराज
जोधपुर, 12 जुलाई। राष्ट्र संत ललित प्रभ महाराज, राष्ट्र संत चंद्रप्रभ महाराज और डॉ मुनि शांति प्रिय सागर महाराज के आगामी गांधी मैदान, सरदारपुरा में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक चातुर्मास के भव्य बैनर का विधिवत विमोचन श्रद्धा, उत्साह और मंगलभावना के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, लाभार्थी परिवार एवं संबोधि धाम ट्रस्ट मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राष्ट्रसंत पूज्य चंद्रप्रभ महाराज ने कहा कि “जोधपुर का यह चातुर्मास केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं होगा, बल्कि यह सम्पूर्ण जोधपुर नगर, राजस्थान और देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जीवन परिवर्तन, संस्कार, साधना, स्वास्थ्य और आत्मजागरण का महाअभियान सिद्ध होगा।” उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वयं इस आध्यात्मिक महोत्सव का लाभ लें तथा अधिक से अधिक लोगों को भी इससे जोड़ने का सेवा कार्य करें।
उन्होंने कहा कि 26 जुलाई से प्रारम्भ होने वाला यह चातुर्मास समाज में सद्भाव, नैतिकता, पारिवारिक मूल्यों, युवा जागरण और आध्यात्मिक चेतना को नई दिशा देगा। प्रतिदिन होने वाली “जीने की कला” प्रवचनमाला में जीवन के प्रत्येक पक्ष पर सरल, व्यावहारिक एवं प्रेरक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर संबोधि धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक पारख ने बताया कि चातुर्मास को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर व्यापक स्तर पर तैयारियाँ प्रारम्भ कर दी गई हैं। आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं उत्कृष्ट बनाने का संकल्प लिया गया है। देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, सत्संग, सेवा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
ट्रस्ट मंडल के महामंत्री देवेंद्र गैलड़ा ने बताया कि इस बार चातुर्मास में केवल धार्मिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि युवाओं, विद्यार्थियों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, शिक्षकों, उद्यमियों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने के उद्देश्य से अनेक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग, ध्यान, व्यक्तित्व विकास, जीवन प्रबंधन, पारिवारिक सौहार्द, सेवा और संस्कार जैसे विषयों पर भी विशेष आयोजन होंगे।
बैनर विमोचन कार्यक्रम में संबोधि धाम ट्रस्ट मंडल एवं समस्त लाभार्थी परिवारों ने पूरे समर्पण और उत्साह के साथ चातुर्मास की जिम्मेदारियाँ संभालने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से के.एन. भंडारी, सोहन मेड़तिया, जुगल किशोर जांगिड़, हनुमान चौहान, संपत सैनी, के एल गर्ग, शुभम जैन, राजेंद्र जैन, गिरीश भंडारी, कैलाश राठी, अश्विनी पटवा, विनोद जैन, श्रीमती मीना देवी मेहता, भावना जायसवाल, राजेंद्र सिरिया, रोशन मेहता, पारस सिंघवी, दिलीप मेहता, वीरेंद्र मोहनोत, अशोक अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, पवन मेहता, धीरज रांका, पंकज रांका, संदीप मेहता, नवरतनराज भंडारी, सुनील सोनी, प्रवीण मेहता एवं अमित धाड़ीवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में 26 जुलाई से 15 सितम्बर तक गांधी मैदान, सरदारपुरा में प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से 10:45 बजे तक राष्ट्रसंतों के पावन सान्निध्य में “जीने की कला” दिव्य प्रवचनमाला एवं सत्संग महाकुंभ आयोजित होगा। इससे पूर्व 26 जुलाई, रविवार को प्रातः 8 बजे डी-97, शास्त्री नगर से भव्य चातुर्मास प्रवेश सत्संग शोभायात्रा निकाली जाएगी।
संबोधी धाम ट्रस्ट ने जोधपुर सहित देशभर के श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक आध्यात्मिक महोत्सव में परिवार सहित सहभागिता निभाने तथा अधिकाधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।
